तालबेहट। युवक ने रेलवे में खलासी के पद पर नौकरी दिलाने के नाम पर एक बेरोजगार युवक को गुमराह करते हुए उससे 12 हजार रुपये हड़प लिए। बाद में पीड़ित ने युवक को तालबेहट बुलाकर कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस पकड़े गए युवक से पूछताछ कर रही है। आरोप है कि पुलिस मामले में कार्रवाई करने से अधिक मामले को सुलटाने पर ध्यान दे रही। ठगी करने वाला रेल कर्मचारी बताया जा रहा है।
ललितपुर के गांधी नगर निवासी मुकेश पुत्र रामसेवक विश्वकर्मा ने पुलिस को दिए शिकायत पत्र में बताया कि आरोपी ने उसे रेलवे में खलासी पद पर नौकरी लगवाने की बात कहते हुए कागजात बनवाने के नाम पर पहले 12 हजार रुपये लिए। बाद में एक सोने की अंगूठी को गिरवी रखवा दिया। इसके बाद उसे एक खलासी पद का ट्रेनिंग लेटर दिया। जिसमें बाकायदा उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य कारखाना अधीक्षक अनुशासक की मुहर लगी थी। जिसे लेकर वह मुख्य कारखाना प्रबंधक कार्यालय पहुंचा। जहां उसे पता चला की उसके साथ धोखाधड़ी की गई है। जिसके बाद उसने बुधवार को ठग से अपनेरुपये वापस मांगे तो उसने पीड़ित को तालबेहट बुलाया। इसी बीच पीड़ित ने युवक को पकड़ कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस पकड़े गए युवक से पुलिस पूछताछ कर रही है।