संवाद न्यूज एजेंसी
रनगांव (मड़ावरा)। तहसील क्षेत्र में इन दिनों अवैध खनन का कारोबार जमकर हो रहा है। जिला प्रशासन ने इस अवैध कारोबार लगाम कसने के लिए अभियान चलाया। प्रशासन व पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में के दौरान मिट्टी से लदे तीन ट्रक को अवैध खनन परिवहन करते हुए पकड़ा गया, जिसको छुड़ाने के लिए रात भर अधिकारियों के फोन बजते रहे। लेकिन इन तीनों वाहनों को सीज कर थाने में खड़ा कर दिया।
मड़ावरा तहसील क्षेत्र के ग्राम साढूमल में विगत रात्रि मिट्टी से लदे तीन ट्रक पकड़े गए। रात करीब 11:30 बजे उप जिलाधिकारी मड़ावरा मदन मोहन गुप्ता को मुखबिर की सूचना मिली, कि ग्राम साढूमल में तीन ट्रक मिट्टी से भरे हुए महरौनी से मड़ावरा की ओर आ रहे हैं। सूचना के बाद उप जिलाधिकारी ने तत्काल पुलिस को कार्रवाई के आदेश दिए, आदेश मिलने पर प्रभारी निरीक्षक मड़ावरा अशोक कुमार वर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने नाकाबंदी कर तीनों ट्रकों को रोका। जब पुलिस ने चालकों से आवश्यक दस्तावेज मांगे, तो वे उन्हें प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस ने तीनों वाहनों को सीज कर थाने में खड़ा कर दिया। उपजिलाधिकारी मदन मोहन गुप्ता ने बताया कि अवैध खनन कारोबारियों के खिलाफ निरंतर धरपकड़ अभियान चलाया जाएगा।