फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lalitpur News: अटल आवासीय विद्यालय में तीन और बच्चे बीमार, मेडिकल कॉलेज में भर्ती संख्या 49 पहुंची

विज्ञापन
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

ललितपुर। धौर्रा स्थित अटल आवासीय विद्यालय में भोजन करने के बाद बच्चों के बीमार पड़ने का मामला शुक्रवार को भी जारी रहा। सुबह तीन और बच्चों की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। इनमें एक बच्चे को ऑक्सीजन सपोर्ट देना पड़ा। इसके साथ ही मेडिकल कॉलेज में भर्ती बच्चों की संख्या बढ़कर 49 हो गई।
बृहस्पतिवार को भोजन के बाद कई बच्चों को पेट दर्द और उल्टी की शिकायत हुई थी, जिसके बाद 46 बच्चों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों के अनुसार सभी बच्चों की हालत में सुधार है। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे संगीता, आयुष और विवेक की तबीयत अचानक बिगड़ गई। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि तीनों बच्चों की स्थिति अब सामान्य है, लेकिन एहतियातन उन्हें 24 घंटे चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।
विज्ञापन

घटना की जानकारी मिलने पर मंडलायुक्त बिमल कुमार दुबे मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने भर्ती बच्चों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना और चिकित्सकों से उपचार की जानकारी ली। मंडलायुक्त ने कहा कि भोजन और अन्य नमूनों की जांच कराई जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

विद्यालय में स्टाफ की गुटबाजी की भी चर्चा
सूत्रों के अनुसार विद्यालय में प्रधानाचार्य और कुछ कर्मचारियों के बीच लंबे समय से मतभेद हैं। सोशल मीडिया पर वायरल एक पत्र में प्रधानाचार्य ने आरोप लगाया है कि कुछ कर्मचारी विद्यालय के आंतरिक मामलों को बाहर बढ़ा-चढ़ाकर प्रस्तुत कर रहे हैं, जिससे संस्था की छवि प्रभावित हो रही है। पत्र में कई बार चेतावनी देने के बावजूद स्थिति में सुधार न होने का भी उल्लेख है।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
घटना के बाद सोशल मीडिया पर दो वीडियो भी वायरल हो रहे हैं। एक वीडियो में कुछ बच्चे पूड़ी खराब तेल में बनाए जाने का आरोप लगा रहे हैं। दूसरे वीडियो में विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में दोपहिया वाहन से आए कुछ लोगों की तलाशी के दौरान कथित तौर पर शराब की बोतल मिलने के बावजूद उन्हें अंदर जाने दिया जाता दिख रहा है। हालांकि इन वायरल वीडियो की संवाद न्यूज एजेंसी पुष्टि नहीं करती।
विज्ञापन

भोजन के बाद बच्चों को पेट दर्द और उल्टी की शिकायत होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों को लगातार निगरानी और उपचार के निर्देश दिए गए हैं। भोजन एवं अन्य नमूनों की जांच कराई जा रही है। रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और भोजन व्यवस्था में आवश्यक सुधार किए जाएंगे। - बिमल कुमार दुबे, मंडलायुक्त, झांसी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें