संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। हनी ट्रैप का शिकार हुए एक निजी अस्पताल के कंपाउंडर को झांसी में बंधक बनाकर तीन लाख रुपये की फिरौती मांगने वाली एक महिला समेत तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बंधक को छुड़ाकर एक लाख रुपये बरामद किया।
शुक्रवार को कंपाउंडर लल्लू चौबे को बंधक बनाकर तीन लाख रुपये की फिरौती मांगने और न देने पर मारपीट करने व जान से मारने की धमकी देने के साथ सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने की धमकी देने की सूचना मिलने पर पुलिस में हड़कंप मच गया था। प्रभारी क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में स्वाट, सर्विलांस व थाना स्तर से टीम गठित की गई। पुलिस टीमों ने लल्लू चौबे को झांसी से सकुशल बरामद करते हुए एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
आरोपियों में झांसी के थाना गुरसराय के ग्राम सिगार निवासी अखिलेश अहिरवार, थाना जखौरा के ग्राम छपायी निवासी सतेंद्र सिंह बुंदेला एवं झांसी कोतवाली के देबीलाल चौबे अखाड़ा निवासी किरन उर्फ क्रांति को गिरफ्तार कर लिया।
ऐसे बनाया हनी ट्रैप का शिकार : आरोपियों ने बताया कि उनका एक संगठित गिरोह है, जिसमें महिलाएं भी शामिल हैं। वे लोग रुपये कमाने के उद्देश्य से गिरोह में शामिल महिलाओं द्वारा फोन कॉल करवाकर अलग-अलग जनपद के लोगों से बात कराकर लोगों को मिलने के लिए झांसी बुलाते हैं। जब वह व्यक्ति महिला से मिलने आता है, तो उनके गिरोह के सदस्य मिलकर उस व्यक्ति को बंधक बना लेते हैं और उसके साथ मारपीट करते हैं। फिर, उसके परिजनों से फोन करके रुपयों की मांग करते हैं और धमकी देते हैं कि वे उसे रुपये न देने पर जान से मार देंगे। रुपये मिलने पर बंधक बनाए गए व्यक्ति को छोड़ देते हैं। इन्हीं पैसों से वे लोग ऐशो-आराम करते हैं। उन लोगों ने लल्लू चौबे को अपनी गिरोह में शामिल महिला से फोन पर बात कराकर झांसी बुलाया था। जब लल्लू चौबे वहां आ गया तो उन लोगों ने उसको बंधक बनाकर उसका वीडियो बना लिया एवं पीड़ित को छुड़ाने के लिए तीन लाख रुपये की मांग की थी। उन लोगों ने रुपये लेने के लिए पीड़ित के परिजनों को निर्धारित स्थान पर बुलाया था। निर्धारित स्थान पर आकर जैसे ही उन लोगों को रुपये दिए, उसी समय पुलिस आ गई।
-
ये टीम रही शामिल
गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रमेश चंद्र मिश्रा, स्वाट टीम प्रभारी अतुल तिवारी एवं प्रभारी सर्विलांस टीम शामिल रहे।
-
हनी ट्रैप के माध्यम से बंधक बनाकर तीन लाख रुपये की फिरौती मांगने वाले तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। बंधक व्यक्ति को भी सकुशल बरामद कर लिया गया है। आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की जाएगी।
मोहम्मद मुस्ताक, पुलिस अधीक्षक।