ललितपुर। शहर के तीन मोहल्ला में कोरोना संक्रमण की पुष्टि होने पर संक्रमित क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित कर सील कर दिया गया है। अब मोहल्ला में किसी को प्रवेश व बाहर निकलने की अनुमति नहीं है। एक मोबाइल बैरियर बनाया गया है, जहां से आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
उपजिलाधिकारी केके सिंह ने कोरोना संक्रमित क्षेत्र के ढाई सौ मीटर के क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित कर पूरी तरह से सील कर दिया है। यहां पर किसी व्यक्ति को प्रवेश और बाहर जाने की अनुमति नहीं है। सेक्टर मजिस्ट्रेट की निगरानी में आवश्यक वस्तुएं सब्जी, दूध, फल की सप्लाई मोबाइल बैरियर तक की जाएंगी। मोहल्ला रामनगर आरएमडी कॉलेज के पास कांशीराम कॉलोनी के संक्रमित क्षेत्र में उत्तर में कांशीराम आवास की बाउंड्री, दक्षिण में नाला, पूर्व में कांशीराम आवास की बाउंड्री, पश्चिम में प्राथमिक विद्यालय काशीराम आवास के पास मोबाइल बैरियर बना कर सील किया गया है। गल्ला मंडी के पास कोरोना संक्रमित पाए जाने पर उत्तर में यूनियन बैंक, दक्षिण में होंडा एजेंसी, पूर्व में झांसी रोड मोबाइल बैरियर, पश्चिम में आवागमन नहीं है। मोहल्ला सिविल लाइन के संक्रमित क्षेत्र में उत्तर में कचहरी रोड पर मोबाइल बैरियर, दक्षिण में स्टेशन रोड, पूर्व में आरके फोटो स्टेट की दुकान, पश्चिम में प्रेम ट्रेलर आदि क्षेत्र में बैरीकेटिंग लगाकर सील किया गया है। यहां पर दो पहिया, चार पहिया वाहन व हाथठेला आदि का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित किया गया है। क्षेत्र में तैनात सेक्टर मजिस्ट्रेट को विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। आपात सेवाओं से जुडे़ व्यक्तियों को जांच होने के बाद ही जाने की अनुमति दी जाएगी।