महरौनी/ललितपुर। थाना महरौनी के अंतर्गत ग्राम जखौरा में मायके में नवविवाहिता द्वारा फांसी लगाने के मामले में महरौनी पुलिस ने मध्य प्रदेश के छतरपुर के ग्राम चिरवाई निवासी तीन ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
थाना महरौनी के ग्राम जखौरा निवासी देवी सिंह पुत्र रतन सिंह ठाकुर ने पुलिस अधीक्षक को बताया कि उसने अपनी पुत्री रूबी की शादी 23 मई 2020 को जिला छतरपुर के थाना कालीपुरा अंतर्गत ग्राम चिरवाई निवासी चंद्रपाल सिंह के साथ की थी। उसका पति चंद्रपाल, सास अटावारी, ननद निशा संतुष्ट नहीं थे। वह दहेज की मांग को लेकर उसकी पुत्री रूबी को शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। जब उसकी पुत्री ने ससुरालियों को रुपये देने में असमर्थता जताई तो उन्होंने कई बार उसकी मारपीट की। उसने पिता से फोन पर शिकायत की, जिस पर वह उसे वापस मायके ग्राम जखौरा ले आया। इसके बाद उक्त सभी ससुराली 16 जनवरी 2021 को दिन में तीन बजे उसके ग्राम जखौरा में आए और 20 हजार रुपये नहीं देने की बात करते हुए नाराजगी जताई, जिस पर पुत्री ने रुपया अभी नहीं होने की बात कही तो वह लोग घर में घुसकर उत्तेजित होकर पुत्री के साथ मारपीट करने लगे और अपमानित किया और धमकी देते हुए चले गए। इसी बात से क्षुब्ध होकर उसकी पुत्री रूबी ने उसी दिन मायके में ही घर में रस्सी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। कोतवाली महरौनी पुलिस ने पुलिस अधीक्षक के आदेश पर मामले में आरोपी ससुरालियों पति, सास व ननद के खिलाफ दहेज उत्पीड़न व आत्महत्या का उकसाने की धारा में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।