तमंचा के साथ एक गिरफ्तार
ललितपुर। थाना बार पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति को तमंचा के साथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की गई। थाना बार में तैनात थानाध्यक्ष अंजनी कुमार सिंह द्वारा टीम के साथ सोमवार को ग्राम लड़वारी तिराहा पर वाहन व संदिग्धों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान ग्राम पारौन की ओर से आ रहा एक संदिग्ध व्यक्ति आता दिखाई दिया। टोकने पर पीछे मुड़कर तेजी से चलने लगा। जिसे घेराबंदी करते हुए मौके से पकड़ लिया। पूछताछ करने पर उसने अपना नाम नाती राजा उर्फ नरेंद्र प्रताप सिंह (32) निवासी ग्राम बरीकलां थाना तालबेहट बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से 315 बोर का एक तमंचा व दो कारतूस बरामद हुए। जिसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया। वहीं, उक्त आरोपी के खिलाफ लूट के एक मामले में न्यायालय से गैर जमानती वारंट भी जारी किया गया था। आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ जनपद के थाना जखौरा, बार एवं मध्य प्रदेश के अशोकनगर, सागर मालथौन क्षेत्र में चोरी, हत्या, लूट के अलग-अलग लगभग 12 मामले दर्ज हैं।