रुपये न देने पर युवक को घेरकर किया था लाठी-डंडों, पत्थर से हमला
ललितपुर। अवैध रुपयों की मांग पूरी न करने पर युवक पर हमला कर गंभीर रूप से घायल करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में वांछित चल रहे तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया।
शहर के मोहल्ला सिविल लाइन निवासी कविता ने पुलिस को तहरीर दी थी। जिसमें निखिल तिवारी, अंकित, उदय पारासर निवासी चंडीमंदिर के पास नईबस्ती पर अवैध रुपये की मांग पूरी न करने पर उसके भाई अनूप के साथ पिटाई कर धमकाने का आरोप लगाया था। पुलिस ने तीन नामजद सहित अन्य अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। मंगलवार को नईबस्ती चौकी प्रभारी आलोक कुमार ने अपनी टीम के साथ मिलकर वांछित निखिल तिवारी, अंकित, उदय पारासर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया। गिरफ्तार किए गए निखिल के खिलाफ तीन और अंकित के खिलाफ छह व उदय पाराशर के खिलाफ नौ मुकदमें विभिन्न धाराओं के कोतवाली सदर में दर्ज हैं। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी ने बताया कि घटना के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीमें जुटी हुई हैं।