जुगपुरा में पाइप लाइन लीकेज से सड़क पर फैला पानी- संवाद
ललितपुर। शहर में एक तरफ अमृत जल योजना का कार्य पूरा होने के बावजूद लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। वहीं दूसरी तरफ जगह-जगह पेयजल पाइप लाइन लीकेज और नलों में टोंटी नहीं लगाने से रोजाना लाखों लीटर पानी सड़कों और गलियों में बहकर बर्बाद हो रहा है। कई मोहल्लों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। सड़कें दलदल में तब्दील हो गईं हैं। योजना के तहत घर-घर पानी पहुंचाने का दावा तो किया गया था, लेकिन हकीकत में लोगों को पेयजल के लिए आज भी परेशानी उठानी पड़ रही है।
जल निगम की ओर से शहर के मोहल्लों और गलियों में पाइप लाइन बिछाने का कार्य चल रहा है। मोहल्ला जुगपुरा के वार्ड नंबर आठ में नेहरू युवा केंद्र के सामने वाली गली में भी करीब एक वर्ष पहले पाइप लाइन डाली गई थी, पाइप लाइन बिछाने के लिए शहर की तमाम सड़कों और गलियों को खोदा गया, लेकिन काम पूरा होने के बाद सड़कों की मानक के अनुरूप मरम्मत नहीं कराई गई। पाइप लाइन का ट्रायल शुरू होते ही कई स्थानों पर लीकेज की समस्या सामने आने लगी। हालत यह है कि शायद ही कोई ऐसा मोहल्ला हो, जहां पाइप लाइन से पानी का रिसाव न हो रहा हो। लोगों का आरोप है कि पाइप लाइन लीकेज को लेकर लगातार शिकायतें की जा रही हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। लोगों ने पाइप लाइन के लीकेज ठीक कराने, नलों में टोंटी लगवाने और खोदी गई सड़कों की मरम्मत कराने की मांग की है।
-
फोटो 2
पाइप लाइन डाले जाने के बाद से ही कई जगह लीकेज की समस्या बनी हुई है। पानी कई महीनों से सड़क पर लगातार बह रहा है। जिसके चलते घर से निकलना मुश्किल हो गया है। कई बार संबंधित विभाग से शिकायत भी की, किन्तु समाधान नहीं हो सका।
गजराज सिंह
फोटो 3
संबंधित विभाग ठेकेदार एवं विभाग की लापरवाही के चलते आज मोहल्ले में जगह-जगह लीकेज की समस्या बनी हुई है। घरों में नलों से गंदा पानी पहुंच रहा है। बीमारियों के फैलने का खतरा है। पाइप लाइन की गुणवत्ता और लीकेज की जांच कराकर मरम्मत कराई जानी चाहिए।
परमानंद साहू
-
मोहल्ला जुगपुरा में पाइप लाइन लीकेज की शिकायत आई है, टीम भेजकर इस समस्या का जल्द निस्तारण कराया जाएगा।
- वेद प्रकाश, अवर अभियंता जल निगम ललितपुर।