देव दीपावली पर साफ किया गया सुम्मेरा तालाब - संवाद
ललितपुर। मंगलवार को शहर में कार्तिक पूर्णिमा, देव दिवाली और गुरु नानक देव जयंती मनाई जाएगी। इन पर्वों पर जगह-जगह धार्मिक अनुष्ठान आयोजित होंगे। बालाजी मंदिर में भी विशेष आयोजन किए जाएंगे, जिससे मंगलवार का दिन धर्ममय रहेगा।
कार्तिक पूर्णिमा पर कतकारियां सुम्मेरा तालाब के घाटों पर पूजन करेंगी। वे सुबह पांच बजे से पहुंचकर पूजन अर्चन करेंगी। इसके साथ ही हवन और कथा का आयोजन भी होगा। इस दौरान हजारों कतकारियां हवन पूजन करेंगी। वे महीने भर से कर रही व्रत का उद्यापन करेंगी। दिन भर सुम्मेरा तालाब के घाटों पर हवन पूजन चलेगा। शाम के समय कतकारियों के अलावा ललितपुर जागरूकता अभियान संस्था द्वारा 11 हजार दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। इसके बाद आरती भी की जाएगी।
देव दिवाली पर दीपों से जगमग घाट
देव दिवाली पर बड़ी संख्या में लोग सुम्मेरा तालाब पहुंचेंगे। वे घाटों पर पांच, 11 व 21 दीपों को प्रज्वलित करेंगे। इसके बाद आरती भी करेंगे। ऐसे में मंगलवार की शाम सुम्मेरा तालाब के घाट दीपों से जगमगा उठेंगे। कार्तिक मास पर कतकारियां एक माह से सुम्मेरा तालाब के घाटों पर स्नान करते हुए पूजन अर्चन कर रही हैं।
गुरु नानक देव जयंती और अन्य आयोजन
मंगलवार को ही गुरु नानक देव जयंती के अवसर पर लक्ष्मीपुरा स्थित गुरुद्वारा में सुबह से धार्मिक आयोजन किए जाएंगे। इसके तहत सुबह अखंड पाठ का आयोजन होगा। शाम को गुरवाणी कीर्तन और बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इन कार्यक्रमों के साथ ही आतिशबाजी भी की जाएगी। वहीं, डोंड़ाघाट स्थित जुगलकिशोर हवलदार मंदिर में बालाजी का हवन और पूजन का आयोजन किया जाएगा।