संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। बिजली विभाग के कारनामों से उपभोक्ता ही नहीं सरकारी विभाग भी परेशान हैं। हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर को बिना कनेक्शन दिए ही 4800 रुपये का बिल थमा दिया। हद तो तब हो गई जब कनेक्शन के एवज में बिजली विभाग ने 7500 रुपया जमा करा लिए, लेकिन आठ माह भी केबल तक नहीं डाली।
स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीण क्षेत्रों में सेवाएं मुहैया कराने के लिए हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर खोले हैं। लगभग आधा दर्जन सेंटरों पर बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन किया गया था। विद्युत विभाग के अधिकारियों ने मौके पर निरीक्षण कर कनेक्शन की स्टीमेट राशि निर्धारित की थी। स्वास्थ्य विभाग के संबंधित अधिकारियों ने स्टीमेट के अनुसार राशि जमा कर दी। इसके बाद विद्युत विभाग ने कनेक्शन करने की सुध नहीं ली।
आठ माह बीतने के बाद भी न तो कनेक्शन की केबल डाली और न ही मीटर लगाया। अब विभाग ने भारी-भरकम बिल भी थमा दिया। यह हाल ब्लॉक जखौरा अंतर्गत ग्राम थनवारा, मिर्चवारा व ब्लॉक बिरधा अंतर्गत निबाई गांव में स्थित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों का है।
-
इन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों की भी रही यही स्थिति
ब्लॉक बिरधा अंतर्गत पाली, जाखलौन व बम्हौरी में भी बिना कनेक्शन के ही बिल थमा दिए थे। इसकी भनक विद्युत विभाग को लगते ही ठीक कर दिए गए।
-
बिना केबल डाले ही कनेक्शन चालू कर बिल थमाने की जानकारी हुई है। इसकी जांच कराकर बिल को निरस्त कराया जाएगा।
- संजय सिंह, अधीक्षण अभियंता, विद्युत विभाग