सदर विधायक व डीएम, एसपी ने डिप्टी सीएम के कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण, दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का जनपद में 13 मार्च को दौरा है। वह गिन्नौट बाग में सरस मेले का शुभारंभ करेंगे। पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक भी करेंगे। डीएम व एसपी ने दोनों कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने गिन्नौट बाग में सुरक्षा के इंतजाम का जायजा लिया। इसके साथ ही विभागों में लगने वाले स्टॉलों की जानकारी ली। उन्होंने यातायात प्रभारी को सम्मेलन में शामिल होने वाले लोगों के वाहनों की उचित पार्किंग के निर्देश दिए, जिससे यातायात बाधित न हो।
जिलाधिकारी सत्यप्रकाश सबसे पहले इलाइट के आगे अमर पैलेस पहुुंचे। वहां डिप्टी सीएम कार्यकर्ता सम्मेलन में प्रतिभाग करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ता सम्मेलन स्थल का जायजा लिया। सुरक्षा के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने गिन्नौट बाग का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को संरक्षित कल्पवृक्षों के आसपास मिट्टी डलवाकर चबूतरा बनाने के निर्देश दिए। इस दौरान मौजूद सदर विधायक रामरतन कुशवाहा ने कहा कि आम जनता के लिए पर्याप्त पेयजल व्यवस्था रखी जाए।
मुख्य विकास अधिकारी शेषनाथ चौहान ने बताया कि सरस महोत्सव में स्वयं सहायता समूह के उत्पादों की बिक्री के लिए स्टॉल लगाए जाएंगे। पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अधिनस्थों को विभिन्न प्वाइंटों पर पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष हरिश्चंद्र रावत, प्रदीप चौबे, महेश श्रीवास्तव, गौरव गौतम आदि मौजूद रहे।