- जिले के 39 विद्यालयों में से 12 में हैं प्रधानाचार्य, शेष विद्यालय प्रभारियों के भरोसे
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जिले में संचालित होने वाले 39 राजकीय विद्यालयों में से 27 विद्यालय प्रभारी प्रधानाचार्यों के भरोसे चल रहे हैं। साथ ही इन विद्यालयों में 212 शिक्षकों का भी टोटा चल रहा है। इस कारण से यहां अध्ययनरत छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
माध्यमिक शिक्षा परिषद के अंतर्गत जनपद में 39 राजकीय विद्यालय संचालित हैं। इसमें 31 राजकीय हाईस्कूल और आठ राजकीय इंटर कॉलेज संचालित हैं। इन विद्यालयों में करीब 19,716 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। छात्रों को बेहतर शिक्षा देने के लिए शासन की ओर से तमाम प्रयास किए जा रहे हैं। जिले के अधिकतर राजकीय विद्यालयों में शिक्षकों और प्रधानाचार्यो की कमी है। आठ राजकीय इंटर कॉलेजों में से छह में प्रधानाचार्य नहीं हैं। जबकि 31 राजकीय हाईस्कूलों में से 21 में प्रधानाचार्य नहीं है। प्रधानाचार्यों की कमी के चलते यह विद्यालय अतिरिक्त चार्ज पर चल रहे हैं। वहीं, इंटर कॉलेजोें में प्रवक्ताओं की कमी है। स्वीकृत 80 प्रवक्ताओं के सापेक्ष सिर्फ छह प्रवक्ता ही कार्यरत हैं और 74 पद खाली चल रहे हैं। इंटर कॉलेज में स्वीकृत 115 सहायक अध्यापकों के सापेक्ष 36 ही कार्यरत हैं और 79 की कमी है। वहीं, राजकीय हाईस्कूल में स्वीकृत 189 सहायक अध्यापकों के सापेक्ष 56 तैनात हैं और 133 की कमी बनी हुई है। स्वीकृत पदों के सापेक्ष इन विद्यालयों में शिक्षक, प्रवक्ताओं व प्रधानाचार्यों की कमी होने से इन विद्यालयों में पढ़ाई करने वाले छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और वह शिक्षा से दूर हो रहे हैं।
-
राजकीय विद्यालयों में शिक्षकों की स्थिति
पद - स्वीकृत - कार्यरत - रिक्त
प्रधानाचार्य - 39 - 12 - 27
प्रवक्ता - 80 - 06 - 74
सहायक शिक्षक - 304 - 92 - 212
-
फैक्ट फाइल
- 15121 राजकीय इंटर कॉलेज के पंजीकृत छात्र
- 4595 राजकीय हाईस्कूल विद्यालयों में पंजीकृत छात्र
-
-खाली पड़े पदों के बारे में उच्चाधिकारियों को अवगत कराते हुए पत्राचार किया गया है। शासन स्तर से इन पदों को भरा जाना है। ऐसे में जो बेहतर हो सकता है, वह करने का प्रयास किया जा रहा है।
ओमप्रकाश सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक