ललितपुर। पुलिस हिरासत से फरार हुए रंगदारी मांगने के आरोपी का पांच दिन बाद भी सुराग नहीं लग सका है। मध्य प्रदेश क्षेत्र में खोजबीन करने के बाद अब पुलिस की टीमें घुमंतू जाति के डेरों पर तलाश करेंगी।
कोतवाली व कस्बा महरौनी के मोहल्ला कंचनपुरा निवासी विसदेव आदिवासी को रंगदारी मांगने के दर्ज मुकदमे में गिरफ्तार किया गया था। 20 मई को महरौनी पुलिस उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जिला कारागार भेजने के लिए बस से ला रही थी। बस के गल्ला मंडी चौकी क्षेत्र में पहुंचने पर विसदेव पुलिस हिरासत से हथकड़ी सहित फरार हो गया था। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस टीमें लगाई गई थीं। पुलिस ने उसकी तलाश संभावित स्थानों पर की। जनपद से सटे मध्य प्रदेश की पुलिस से संपर्क कर फरार आरोपी की जानकारी जुटाई, लेकिन सफलता नहीं मिली।
अब पुलिस टीमें जनपद सहित समीपवर्ती मध्य प्रदेश क्षेत्र में घुमंतू जाति के लोगों के डेरों पर उसकी तलाश करने में जुट गई हैं। घुमंतू जाति के लोगों को उसकी फोटो दिखाकर जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस को शक है कि वह इन्हीं डेरों पर छिपा हो सकता है।