तालबेहट। बृहस्पतिवार को थाना पूराकलां अंतर्गत ग्राम एवनी में हुए रघुराज सिंह हत्याकांड का पुलिस ने चौबीस घंटे के अंदर खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया। इस मामले का खुलासा पुलिस अधीक्षक निखिल पाठक ने पत्रकार वार्ता में किया।
एसपी ने बताया कि अपर पुलिस अधीक्षक गिरिजेश कुमार के पर्वेक्षण में क्षेत्राधिकारी तालबेहट कैलाश नारायण के नेतृत्व में पूराकलां पुलिस एवनी में पत्थर से कुचल कर की गई हत्याकांड के खुलासे के लिए लगी थी। तभी प्रभारी निरीक्षक पूराकलां को सूचना मिली की इस हत्याकांड में शामिल नामजद आरोपी पुष्पेंद्र सिंह ग्राम एवनी बघा मार्ग पर स्थित अपने बाडे़ में है जिसे घेराबंदी कर पकड़ा जा सकता है। पुलिस ने रात करीब 10.30 बजे दबिश देकर उक्त स्थान से पुष्पेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में बताया कि उसने अपने ही साथी बंटी उर्फ सुरेंद्र पुत्र लखन अहिरवार निवासी ग्राम एवनी थाना पूराकलां के साथ घटना को अंजाम दिया है। पुलिस ने एवनी के ही माता मंदिर के पास से बंटी उर्फ सुरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी बंटी उर्फ सुरेंद्र ने पुलिस को बताया कि रघुराज सिंह के उसकी प्रेमिका से अवैध संबंध थे जिस कारण हम लोगों ने उसकी हत्या करने की योजना बनाई थी। बंटी ने बताया कि जब वह रघुराज सिंह के साथ माता मंदिर के समीप बैठकर शराब पी रहे थे। उसके बाद राम सिंह के बाडे़ में रघुराज सिंह को ले जाकर लिटा दिया। वहां पहले से मौजूद पुष्पेंद्र सिंह ने रघुराज सिंह के पैर पकड़ लिए और उसने रघुराज सिंह के सिर पर पत्थर पटक दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। घटना के बाद वह लोग भाग गए थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पत्थर मौके पर जाकर बरामद कर लिया। वहीं मृतक रघुराज सिंह का मोबाइल को भी बंटी उर्फ सुरेंद्र के पास से बरामद किया गया ।
गांव में तनाव का माहौल
हत्याकांड का खुलासा होने के बाद भी शुक्रवार को गांव में तनाव का माहौल देखने को मिला। गांव में इस कांड के बाद अधिकांश लोग खमोश नजर आए। घर के बाहर कुछ लोग अवश्य दिखे लेकिन इस मामले को लेकर कोई भी कुछ बताने से बच रहा है।