- पिता ने कहा - मूंग की फसल खराब होने पर की आत्महत्या
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जहर खाने से रामगोपाल (32) निवासी ग्राम लिधौरा, थाना मड़ावरा की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की। मृतक के पिता ने बताया कि ढाई एकड़ खेत में बोई मूंग की फसल खराब होने के सदमे में जहर खाकर आत्महत्या कर ली।
मृतक के पिता फूलचंद्र ने बताया कि रामगोपाल ने ढाई एकड़ जमीन पर मूंग की फसल बोई थी। जोकि एक माह में बड़ी-बड़ी भी हो गई थी। कुछ दिन पूर्व मूंग की उक्त फसल मर गई। जिसको लेकर रामगोपाल परेशान रहने लगा था। बुधवार को वह लोग घर पर थे। जबकि रामगोपाल खेत पर फसल में पानी देने गया था। इसी दौरान खेत पर बने टपरे में रखी कीटनाशक दवा का सेवन उसने कर लिया था। जिससे उसकी हालत बिगड़ गई थी और वह अचेत होकर खेत पर ही टपरे के पास गिर गया था। शाम को जब वह लोग खेत पर पहुंचे तो यहां रामगोपाल खेत पर अचेतावस्था में पड़ा हुआ मिला। आनन-फानन वह लोग उसे लेकर मड़ावरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। यहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने रामगोपाल को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ सदर सुनील भारद्वाज ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आत्महत्या के कारणों की जांच मड़ावरा पुलिस के द्वारा की जा रही है।