संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जंगल में पहाड़ी पर रक्त रंजित अवस्था में मिले महिला के शव की तीन दिन बाद भी शिनाख्त नहीं हो पाई। रविवार को चिकित्सकों के पैनल ने वीडियोग्राफी के बीच पोस्टमार्टम किया। महिला के सिर पर किसी भारी वस्तु से प्रहार मौत का कारण बना।
थाना जखौरा के ग्राम आलापुर के जंगल में पहाड़ी पर 16 जनवरी की शाम को करीब 25 वर्षीय महिला का शव पड़ा मिला था। उसके सिर पर घाव थे और कपड़े अस्त-व्यस्त थे। हत्या की आशंका के बीच जखौरा पुलिस, एसओजी, सर्विलांस और फॉरेंसिक जांच टीम पहुंची थी। फॉरेंसिक टीम ने मौके से नमूने एकत्रित किए थे। महिला की शिनाख्त के लिए एसओजी व जखौरा पुलिस ने आसपास के गांवों में जाकर लोगों को फोटो दिखाई। लेकिन, तीन दिन गुजर जाने के बाद भी जब पहचान नहीं हो सकी तो पुलिस ने उसका पोस्टमार्टम अज्ञात में कराया। पोस्टमार्टम सूत्रों के अनुसार महिला के सिर पर किसी भारी वस्तु के हमले के तीन से चार घाव थे, जिससे उसके सिर की हड्डी टूट गई थी। यही उसकी मौत का कारण बना। अब स्लाइड बनाकर जांच के लिए भेजी गई है।
स्लाइड की जांच रिपोर्ट आने के बाद यह पता चल सकेगा कि महिला के साथ और क्या हुआ था। पुलिस अभी कुछ भी कहने से बच रही है। वह पहले शिनाख्त हो जाने की बात कह रही है। पोस्टमार्टम होने के बाद महिला के शव का पुलिस ने अंतिम संस्कार कर दिया।
-
घुमंतू जाति के डेरा पर पहुंची पुलिस : तीसरे दिन रविवार को पुलिस की टीमें महरौनी, पाली, जखौरा, राजघाट में घुमंतू जाति के लोगों के डेरे पर पहुंची। यहां पुलिस ने मृतक महिला की फोटो दिखाई। लेकिन, सफलता नहीं मिली। पुलिस ने महिला के हाथ पर लिखे अंग्रेजी में दिनेश नाम से उसकी शिनाख्त हो जाने की उम्मीद जताई है।
-
डीएनए सैंपल लेकर भेजा जांच को : पोस्टमार्टम सूत्रों के अनुसार महिला की स्लाइड बनाकर सुरक्षित रखी गई है। इसके साथ उसके नाखून और बालों का सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।