संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। खेत पर सिंचाई करते समय ग्राम नैगांवकलां निवासी वीरन (46) अचेत होकर गिर गया और उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की। परिजनों ने सर्पदंश से मौत होने की आशंका जताई है।
मृतक के भाई ओमकार ने बताया कि रविवार को वीरन पुत्र काशीराम खेत पर फसल की सिंचाई करने गया था। इसी दौरान दोपहर करीब 1.30 बजे उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह अचेत होकर गिर गया। आसपास खेतों में मौजूद लोगों ने इसकी सूचना परिजनों को दी। सूचना पर पहुंची परिजन उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज लेकर आए। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की।
मृतक चार भाइयों में सबसे बड़ा था और उसके दो पुत्र और तीन पुत्रियां हैं। वह खेती-किसानी करता था। मृतक के भाई ने सर्पदंश से मौत की आशंका जताई है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारण का पता चलेगा।