ग्राम सीरोन में खंडित प्राचीन प्रतिमाएं। संवाद
मड़ावरा। क्षेत्र का प्राचीन नगर सिरोन अपनी ऐतिहासिक समृद्धि के लिए जाना जाता है। किंवदंतियों के अनुसार, यह नगर 900 कुओं और 89 बावलियों से परिपूर्ण था। इसे सिया यानी सीताजी का सिरोन भी कहा जाता है, जिसके अवशेष आज भी खुदाई में मिलते हैं।
सिरोन लगभग 500 वर्गमीटर के दायरे में एक परकोटे के भीतर बसा था। इसके उत्तर और पश्चिम दिशा में दो द्वार रहे होंगे, जिनके अवशेष अब नष्ट हो चुके हैं। जिला मुख्यालय से 75 किलोमीटर दूर स्थित यह गांव ऐतिहासिक धरोहरों को समेटे हुए है। राजेंद्र श्रीवास्तव के खेत में एक सुंदर पाषाण मंदिर है। इस मंदिर की दक्षिणी रथिका पर प्रथम जैन तीर्थंकर ऋषभदेव की प्रतिमा है। इसी कारण पुरातत्व विभाग ने इसे जैन मंदिर की मान्यता दी है। गांव में परकोटे के अंदर और बाहर कई छोटी बावलियां और कुएं हैं। इनमें से अधिकतर निष्प्रयोज्य हो चुके हैं, जबकि कुछ का ग्राम पंचायत ने जीर्णोद्धार कराया है। गांव के बाहर जैन मंदिर के पास एक बावली है, जिसका व्यास लगभग चार मीटर है।
प्रतिमाओं का संग्रहालय और संरक्षण का अभाव
मकान निर्माण या खेती के दौरान सिरोन में सैकड़ों खंडित प्रतिमाएं मिली हैं। राकेश सिंघई ने वर्ष 2001 में भगवान ऋषभदेव दिगंबर जैन तीर्थस्थल सिरोन का गठन किया। उन्होंने एक संग्रहालय बनाकर इन प्रतिमाओं को व्यवस्थित कराया। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण ने जैन मंदिर के भग्नावशेष पर केवल एक बोर्ड लगाया है।
मूर्तिकला केंद्र की संभावना
सिरोन गांव में परकोटे के भीतर खुदाई में सनातनी और जैन संस्कृति की मूर्तियां मिलती हैं। यह संकेत देता है कि प्राचीन समय में यह एक मूर्तिकला केंद्र रहा होगा। गांव के खेतों से प्राचीन जैन मूर्तियां प्राप्त हुई हैं, जिन्हें स्थानीय संग्रहालय में रखा गया है। यह क्षेत्र देवगढ़ की तरह पाषाण की मूर्तियों के निर्माण का केंद्र रहा होगा।
00000000000
ग्राम सीरोन में प्राचीन मूर्तियाें का संग्रह है। इनका संरक्षण किया जा रहा है।-राजीव त्रिवेदी, क्षेत्रीय पुरातत्व अधिकारी, झांसी।