- मां-बेटी के खिलाफ पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी, शहर के मोहल्ला वंशीपुरा में हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। बकायेदार उपभोक्ताओं के ओटीएस रजिस्ट्रेशन करवाने के दौरान बिजली मीटर से अतिरिक्त केबल डालकर बिजली का उपयोग करते पकड़े जाने पर विपक्षी मां-बेटे ने उपखंड अधिकारी सहित उनकी टीम पर हमला कर दिया। पत्थरों से हमला कर उनके पीछे भागे और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपी मां-बेटा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
झांसी के सिंधी कॉलोनी निवासी संजय सागर ने कोतवाली सदर पुलिस को तहरीर दी। जिसमें बताया कि वह उपखंड प्रथम में उपखंड अधिकारी के पद पर तैनात हैं। 28 दिसंबर को वह चेकिंग टीम महेंद्र पाल सिंह टीजी-2, राजेश, मनीष गोकुल, अभिषेक श्रीवास्तव एवं संविदाकर्मी देवेंद्र खरे के साथ मोहल्ला वंशीपुरा में बकायेदार उपभोक्ताओं के ओटीएस में रजिस्ट्रेशन करवा रहे थे। इसमें उपभोक्ता देवकुमारी पत्नी हरीराम के संयोजन को चेक किया गया, जिसमें सोनू पुत्र राजू के द्वारा मीटर की सर्विस केबल के अतिरिक्त अलग से केबल डालकर सीधे विद्युत का उपभोग किया जा रहा था। जब उन्होंने उक्त व्यक्ति से विद्युत चोरी के बारे में पूछा तो नर्मदा पत्नी राजू व उसके पुत्र सोनू निवासी वंशीपुरा रामनगर गालियां देते हुए अपने घर से बाहर आए। धक्का मुक्की करते हुए सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने लगे और सरकारी कागजात फाड़ दिए। तहरीर में उपखंड अधिकारी ने यह भी बताया कि उनके और उनकी टीम के द्वारा बार-बार समझाया गया, लेकिन वह नहीं माने और डंडे और पत्थर से मारते हुए जान से मारने की धमकी देकर टीम के पीछे भागे। वह और उनकी टीम किसी प्रकार वहां से जान बचाकर भागे।
आरोपियों के द्वारा किए गए हमले से वह और उनकी टीम मानसिक रूप से तनाव एवं भय की स्थिति में है। यह पूरी घटना उनके मोबाइल फोन में वीडियो के तौर पर सुरक्षित है। कोतवाली सदर पुलिस ने उपखंड अधिकारी की तहरीर पर आरोपी नर्मदा व सोनू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच पड़ताल कर आगे आगे की कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।