संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। यूपी बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले हाईस्कूल-इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राओं को परीक्षा के दौरान आने वाली परेशानियों के समाधान के लिए अब काउंसलिंग सेंटर खोला जाएगा। इस सेंटर में मनोविज्ञानी व समाजशास्त्री छात्र-छात्राओं की काउंसलिंग कर उनकी समस्या का समाधान करेंगे।
24 फरवरी से यूपी बोर्ड की हाईस्कूल-इंटरमीडिएट की परीक्षाएं शुरू हो रही हैं। इस बार परीक्षा में 30965 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा के लिए 49 केंद्र निर्धारित किए गए हैं। नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग तेजी से तैयारियां करने में जुटा है। छात्रों पर परीक्षा का दबाव कम करने के लिए भी विभिन्न स्तर पर कवायद की जा रही है। अब शासन के निर्देश पर छात्रों की काउंसलिंग के लिए केंद्र खोला जाएगा। इस केंद्र पर एक मनोविज्ञानी व एक समाजशास्त्री तैनात रहेगा, जोकि परीक्षार्थियों को तनाव से बचाने के उपाय बताएंगे। उनकी समस्या का समाधान भी बताएंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि परीक्षा का दबाव कम करने के लिए परीक्षार्थी की मदद की जाएगी।