संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। मेडिकल कॉलेज के ब्लड बैंक में रक्त का स्टॉक भले ही पर्याप्त हो, लेकिन कई ग्रुप के रक्त की कमी पूरी नहीं हो पा रही है। स्टॉक क्षमता के सापेक्ष लगभग 35 फीसदी है। वर्तमान में एबी पॉजिटिव, ए निगेटिव, बी निगेटिव और एबी निगेटिव का स्टॉक शून्य हो गया है। वहीं ओ निगेटिव ग्रुप का महज एक यूनिट है। स्टॉक में ए पॉजिटिव, बी पॉजिटिव, ओ पॉजिटिव समेत कुल 108 यूनिट रक्त स्टॉक में हैं। ऐसे में मरीजों को विशेष ग्रुप के रक्त के लिए परेशान होना पड़ रहा है।
ब्लड बैंक में लंबे समय से क्षमता के सापेक्ष रक्त का स्टॉक पूरा नहीं हो पा रहा है। बीते माहों में लगभग 160 यूनिट तक रक्त का स्टॉक पहुंच गया था। वर्तमान में रक्तकोष में 35 फीसदी रक्त का स्टॉक है। लेकिन, वर्तमान में रक्त की खपत बढ़ गई है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार बीते माह 10 से 12 यूनिट रक्त की प्रतिदिन खपत हो रही थी, जो वर्तमान में 16 से 18 तक पहुंच गई है। ब्लड बैंक के अधिकारियों के अनुसार एक दो यूनिट रक्त प्लेटलेट्स कम होने पर मरीजों को दिया जा रहा है। वहीं, सिजेरियन प्रसव व एनीमिया के मरीजों की संख्या कुछ बढ़ गई है। इससे रक्त की प्रतिदिन तीन से चार यूनिट रक्त की खपत बढ़ गई है।
-
रक्तकोष की स्थिति
रक्त ग्रुप - यूनिट संख्या
ए पाॅजिटिव - 17
बी पॉजिटिव - 46
ओ पॉजिटिव - 44
एबी पॉजिटिव - 00
ए निगेटिव - 00
बी निगेटिव - 00
ओ निगेटिव - 01
एबी निगेटिव - 00
कुल यूनिट - 108
वर्जन
रक्तकोष के चार ग्रुप का स्टॉक शून्य हो गया है। इस पर संस्था के पदाधिकारियों से संपर्क कर कमी को पूरा किया जाएगा।
- डॉ. एमएस राजपूत, प्रभारी, ब्लड बैंक