संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। शहर में रविवार की शाम को हुई तेज बारिश में कुछ वार्डों में जलभराव हो गया और आम जनजीवन प्रभावित हो गया। इसकी सूचना पर उपजिलाधिकारी सदर हेमंत पटेल ने नगर पालिका की टीम के साथ जलभराव की स्थिति का जायजा लिया और जलभराव रोकने के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जहां भी जल निकासी बाधित पाई गई, वहां नगरपालिका के चेन स्केलेटर एवं जेसीबी मशीनों के माध्यम से नालों और नालियों की मौके पर ही साफ-सफाई कराई गई। इसके लिए नगर पालिकाध्यक्ष सोनाली जैन ने पालिका कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। वहीं निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सदर हेमंत पटेल, नगरपालिका की अवर अभियंता खुशबू खान, प्रभारी सफाई निरीक्षक महेंद्र सिंह यादव, निर्माण लिपिक दीपेंद्र कुमार सहित नगरपालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी सबसे पहले वार्ड नंबर 12 के मोहल्ला आजादपुरा-लेड़ियापुरा में मां शारदा इंटर कॉलेज के पीछे वाली गली में पहुंचे। यहां बारिश के बाद जलभराव की स्थिति का जायजा लिया और जल निकासी की व्यवस्था को देखा।
इसके बाद टीम ने वार्ड नंबर 19 आजादपुरा में तुवन टीला क्षेत्र, वार्ड नंबर 19 की पारसनाथ कॉलोनी व वार्ड नंबर 20 मोहल्ला तालाबपुरा सहित अन्य स्थानों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद कर्मचारियों को जल निकासी व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त करने और नालों-नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण में नगरपालिका की टीम ने मोहल्लेवासियों से भी सहयोग की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि नगरपालिका की नालियों एवं नालों पर किए गए अतिक्रमण को लोग स्वयं हटा लें, ताकि सफाई कर्मचारियों एवं मशीनों के माध्यम से नालों की सफाई सुचारू रूप से की जा सके और बारिश के पानी की निकासी में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।