जिले में आठ परीक्षा केंद्रों पर 14 और 15 मार्च को होगी परीक्षा, चप्पे-चप्पे पर रहेगा पुलिस का पहरा
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जिले के आठ परीक्षा केंद्रों पर 14 और 15 मार्च को पुलिस उपनिरीक्षक भर्ती की परीक्षा कराई जाएगी। परीक्षा को सकुशल व नकलविहीन कराने के लिए पुलिस प्रशासन के साथ-साथ जिला प्रशासन भी तैयारियों को पूरा कराने में जुटा हुआ है। परीक्षा के दौरान चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा रहेगा। परीक्षा के लिए जोनल, सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेटाें को नामित किया जा रहा है।
उप्र पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नत बोर्ड की ओर से उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती की परीक्षा जनपद में 14 व 15 मार्च होना प्रस्तावित है। परीक्षा के लिए आठ परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। यह परीक्षा दो पालियों में होगी। इसमें प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक होगी। शांतिपूर्वक परीक्षा कराने के लिए पुलिस सहित जिला प्रशासन पुख्ता तैयारी करने में जुटा हुआ है।
परीक्षा कराने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग अंतर्गत विद्यालयों में कार्यरत दो सौ से अधिक शिक्षक-शिक्षिकाओं की ड्यूटी लगाई गई है। परीक्षा केंद्रों पर सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कराई जा रही हैं। सीसीटीवी कैमरे को परखा जा रहा है। सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होने वाली परीक्षा पर जिला स्तरीय बनने वाले कंट्रोल रूम के जरिये नजर रखी जाएगी। वहीं, गैर जनपद से परीक्षा देने आने वाले अभ्यर्थियों को केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की कोई परेशानी न हो, इसके लिए एसपी ने पुलिसकर्मियों को सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के दिशा निर्देश दिए हैं।
वहीं, केंद्रों को जाने वाले सड़क मार्ग पर यातायात पुलिस द्वारा बैरिकेडिंग की जाएगी। एसपी मोहम्मद मुश्ताक ने बताया कि पुलिस उपनिरीक्षक और समकक्ष पदों पर होने वाली परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में कराई जाएगी। चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात रहेगी। सीसीटीवी कैमरे में होने वाली परीक्षा की निगरानी जिला स्तरीय कंट्रोल रूम के जरिये की जाएगी।