किशोरी से दुष्कर्म और ब्लैकमेल का मामला : टीकमगढ़ पुलिस ने भेजा था शांतिभंग में जेल
फॉलोअप -
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। ब्लैकमेल करने से आहत होकर किशोरी ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया था। इस प्रकरण में दर्ज केस की जांच पड़ताल बानपुर पुलिस कर रही है। अब पुलिस ने मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ जेल में शांतिभंग के आरोप में निरुद्ध चल रहे आरोपी काे रिमांड में लेने की तैयारी शुरू कर दी है।
कस्बा बानपुर निवासी एक पीड़ित पिता ने पुलिस को तहरीर दी थी। जिसमें बताया था कि अमजद खान नाम के युवक ने उसकी 16 वर्षीय पुत्री के अश्लील फोटो व वीडियो लेकर ब्लैकमेल कर दुष्कर्म किया। इससे आहत होकर उसकी पुत्री ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर जान देने का प्रयास किया था। पुलिस ने पीड़िता के पिता की तहरीर पर आरेापी अमजद खान के खिलाफ केस दर्ज कर लिया था। इस बीच पुलिस को जानकारी हुई कि 22 दिसंबर को टीकमगढ़ के हिंदूवादी संगठन ने आरोपी अमजद खान को एक लॉज में एक लड़की के साथ पकड़ा था। लड़की को वहां से भगा दिया था। सूचना पर टीकमगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची थी और आरोपी युवक को पकड़ लिया था। कोई शिकायती पत्र न मिलने पर उसे जेल भेज दिया था। थाना बानपुर पुलिस ने केस की जांच पड़ताल शुरू की। टीमों ने टीकमगढ़ शहर में जाकर होटलों में आरोपी के सीसीटीवी कैमरे सहित अन्य साक्ष्य खंगाले थे। अब पुलिस शांतिभंग के आरोप में टीकमगढ़ जेल में निरुद्ध चल रहे आरोपी अमजद खान को रिमांड पर लेने की तैयारी में जुट गई है। थानाध्यक्ष बानपुर अरुण तिवारी ने बताया कि केस की जांच पड़ताल की जा रही है। टीकमगढ़ जेल में निरुद्ध चल रहे आरोपी को रिमांड पर लेने की तैयारी की जा रही है। जल्द ही रिमांड लेकर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।