संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। बुजुर्गों व असहाय लोगों के जीवन यापन के लिए सरकार उन्हें वृद्धा पेंशन दे रही है। लेकिन, कई ऐसे जरूरतमंद वृद्ध हैं, जिन्हें इसका लाभ नहीं मिल रहा है और वह परेशान हैं। हालांकि, समाज कल्याण विभाग इस वर्ष अब तक 45,048 लाभार्थियों को दूसरी किस्त वितरित करने का दावा कर रहा है।
समाज कल्याण विभाग ने वृद्धावस्था पेंशन के लिए ऑनलाइन आवेदन की व्यवस्था की है। लेकिन, कई वृद्ध अशिक्षा के कारण प्रधान व सचिव को अपना कागज दे देते हैं और उनके भरोसे बैठे रहते हैं, ऐसे में उनकी पेंशन प्रारंभ नहीं हो पाती। वहीं, जो लोग ऑनलाइन आवेदन करते हैं, उन्हें भी आवेदन की स्थिति का पता नहीं चलता कि कब उनका सत्यापन हुआ। आवेदन पास हुआ है या नहीं। जबकि, नौ हजार से अधिक लाभार्थी ऐसे हैं, जिनकी ई-केवाईसी न होने के कारण उनकी पेंशन बंद हो गई है। वृद्धा पेंशन योजना के तहत एक हजार रुपये प्रतिमाह दिया जाता है।