- डीएम के निर्देश पर एडीएम वित्त एवं राजस्व ने सभी पांच तहसीलों में बनाई टीमें
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। हाईकोर्ट के आदेश के बाद जनपद के गायब हुए तालाबों की खोज अब भू-अधिपत्य विभाग के रजिस्ट्रार कानूनगो व तहसीलदार करेंगे। इसके लिए सभी पांच तहसीलों में टीम बनाई हैं, जिसमें भू-अधिपत्य विभाग के रजिस्ट्रार कानूनगो व तहसीलदार शामिल हैं।
मालूम हो कि इलाहाबाद हाईकोर्ट ने एक नोटिस जारी करते हुए बुंदेलखंड के सात जनपदों के जिलाधिकारियों से हलफनामा मांगा है। जिसमें 1359 फसली से बीस वर्ष का सर्वे कर कितने तालाब गायब हुए हैं और कितने मौजूद हैं यह जानकारी मांगी है। हाईकोर्ट के जारी इस नोटिस में जनपद के जिलाधिकारी से भी जानकारी मांगी है। जनपद में कितने तालाब मौजूद हैं और कितने गायब हो चुके हैं। इसकी जांच पड़ताल और सर्वे अब तहसील स्तर से कराया जाएगा। इसके लिए जनपद की सभी पांच तहसीलों में भू-अधिपत्य विभाग के रजिस्ट्रार कानूनगो व तहसीलदार अपने-अपने क्षेत्रों में स्थलीय निरीक्षण कर तालाबों का सर्वे करेंगे। यह सर्वे 1359 फसली वर्ष से किया जाएगा। डीएम के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी अंकुर श्रीवास्तव ने इसको लेकर सभी को दिशा-निर्देश जारी किए हैं। निर्देशों के क्रम में तहसील स्तर पर टीमें तालाबों की जानकारी जुटाने में लग गई हैं।
-
डीएम के निर्देश पर 1359 फसली से तालाबों का स्थलीय सर्वे कराया जाएगा। यह सर्वे भू-अधिपत्य विभाग के रजिस्ट्रार कानूनगो व तहसीलदार करेंगे। सर्वे करने के बाद रिपोर्ट प्रेषित करेंगे।
- अंकुर श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व