सिलगन रेलवे क्रॉसिंग के पास की घटना, जांच में जुटी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। शहर के पिसनारीबाग निवासी एक व्यापारी ने दो युवकों पर मारपीट कर डेढ़ लाख रुपये लूटने का आरोप लगाया है। घटना के बाद घायल व्यापारी को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पिसनारीबाग राजघाट रोड निवासी सौरभ सिंह यादव ने बताया कि उनकी अनाज की मिल और छनाई प्लांट है, जहां गेहूं का काम होता है। मंगलवार शाम वह मिल बंद कर सिलगन रेलवे क्रॉसिंग के पास एक दुकान के बाहर खड़े थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए एक युवक ने उन पर हमला कर दिया और रुपये से भरा बैग छीनने का प्रयास किया।
आरोप है कि विरोध करने पर दूसरे युवक ने लोहे की रॉड से उनके हाथ पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गए। इसके बाद दोनों आरोपी रुपये से भरा बैग लेकर मौके से भाग गए।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। घायल व्यापारी को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। पीड़ित ने बताया कि वह दो आरोपियों को पहचानता है।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में व्यापारी कोतवाली सदर पहुंच गए और कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, पुलिस को प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। सीओ सदर सुनील भारद्वाज ने बताया कि घटना की हर पहलू से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।