खांदी में दूसरे दिन भी रहा तनाव
संवाद न्यूज एजेंसी
तालबेहट। रविवार को खेत पर मिले अधेड़ के शव को लेकर दूसरे दिन सोमवार को भी ग्रामसभा खांदी के मजरा गडलयाना में विवादित भूखंड के आसपास पूरे दिन तनावपूर्ण स्थिति रही। सुबह से कुछ युवा आक्रोशित होकर सड़कों पर उतर आए और विपक्षियों पर मामला दर्ज कराने की मांग को लेकर हंगामा किया।
हंगामा होने की सूचना पर एसडीएम अभिजीत सिंह, सीओ रक्षपाल सिंह और प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार मिश्रा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति को देखते हुए पूर्व में ही पीएसी तैनात कर दी गई थी। मृतक के परिजन एफआईआर दर्ज कराने और शव को विवादित जमीन पर ही जलाने की जिद पर अड़ गए। जिसके चलते घंटों तनाव बना रहा। शाम को शव आने पर अधिकारियाें से वार्ता के बाद मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया गया। क्षेत्र में इस समय तनावपूर्ण माहौल है और सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल तैनात है।
-
ग्यारह पर हत्या का मामला दर्ज
तालबेहट। कोतवाली पुलिस ने मृतक देशराज के पुत्र संतोष की तहरीर पर ग्यारह लोगों पर मृतक को अगवा कर मारपीट कर उसकी हत्या करने एवं पहचान छिपाने के लिए तेजाब डालकर चेहरा नष्ट करने का मामला दर्ज किया है।
पीड़ित ने बताया कि उसका पिता देशराज 20 सितंबर को समय करीब 07 बजे शाम को तालबेहट से सब्जी बेचकर घर पर आ रहे थे, लेकिन घर पर नहीं पहुंचे तो परिवार वालों ने काफी खोजबीन कि लेकिन कोई पता नहीं चला। 21 सितबंर को समय 09 बजे परिवार के उमेश हन्नू और कमलेश ने विपक्षीगण कैलाश, बल्लू, महेश, रिंकू उर्फ अभि, छोटू, अर्पित, मयंक, राहुल, रज्जू, सौरभ, गौरव निवासी ग्राम खांदी के दरवाजे पर तौलिया पड़ा देखा। विपक्षीगण के घर के पीछे देशराज का मृत शरीर पड़ा मिला। उन्होंने हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। जिस पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया।