संवाद न्यूज एजेंसी
तालबेहट। कोतवाली पुलिस ने ग्राम सभा खांदी मजरा वीआईपी निवासी एक महिला से उसके जेवरात हड़पने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायालय में पेश किया गया।
ग्राम सभा खांदी मजरा वीआईपी निवासी रामकली कुशवाहा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि 24 जनवरी की सुबह 11 बजे वह तालबेहट स्थित भारतीय स्टेट बैंक के सामने पति के साथ थी। उसी समय एक व्यक्ति काले रंग की बाइक से आया और अपने को लेखपाल प्रभान सिंह बताते हुए बोला कि आपकी गरीबी रेखा के छह हजार रुपये रुपये आए हैं। इसके लिए तुम्हारी फोटो खींचने तहसील से साहब आ रहे हैं। इसलिए तुम जो चार चूड़ी व दो कड़ा सफेद धातु की पहनी हो, उसे उतार कर रख लो, जिससे साहब तुम्हें गरीब समझें। पीड़िता ने चारों चूड़ी व दो कड़े उतार दिए। इसे कागज की एक पुड़िया में रख दिया। आरोपी ने महिला से वह पुड़िया ले ली और उसे कागज में कुछ कंकड़ पत्थर रख कर दे दिए। इसके बाद आरोपी तहसील जाने की बात कहता हुआ भाग गया।
पीड़िता ने तहसील आकर जानकारी ली तो पता चला कि उक्त नाम का तहसील में कोई लेखपाल नहीं है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मंगलवार दोपहर में ककड़ारी नहर माइनर के पास से आरोपी प्रभान सिंह निवासी ग्राम संसुआ थाना बार को गिरफ्तार किया। उसके पास से चार चूड़ी और दो कड़े भी बरामद किए।म