ललितपुर। खिरिया मिश्र स्थित कृषि विज्ञान केंद्र के सभागार में किसान दिवस पर आयोजित बैठक में किसानों की समस्याओं का मुद्दा छाया रहा। किसानों ने अधिकारियों से गल्ला मंडी में नीलामी चबूतरे खाली कराने, रोस्टर से पर्याप्त बिजली देने और बीमा क्लेम की राशि दिलाने की मांग की।
कृषक पहाड़ सिंह ने मंडी चबूतरों पर कब्जा हटाए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि किसानों को अपना अनाज रखने के लिए जगह नहीं मिल पाती है। बारिश में किसानों का अनाज मंडी में सड़क पर रखने से गीला हो रहा है, इससे उन्हें काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
केहर सिंह ने बिजली का मुद्दा उठाते हुए कहा कि फसलों की सिंचाई के लिए मात्र पांच से छह घंटे अलग-अलग समय में बिजली आपूर्ति की जाती है, इससे खेतों की सिंचाई प्रभावित होती है। भारतीय किसान संघ और प्रगतिशील किसान जन मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष बाबूलाल दुबे ने विभिन्न समस्याओं को लेकर ज्ञापन दिया। उप कृषि निदेशक को निस्तारण के लिए कहा गया। इस दौरान उप कृषि निदेशक यशराज सिंह, कृषि विज्ञान केंद्र के अध्यक्ष डाॅ. मुकेश चंद्र, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. भगवान सिंह, जिला कृषि अधिकारी राजीव कुमार भारती, जिला कृषि रक्षा अधिकारी सोनू मंगल, एसडीओ विद्युत विनोद कुमार, राजपाल यादव, हरिओम राजपूत, कृपाल सिंह, आशीष कौशिक, आनंद देवलिया आदि उपस्थित रहे।