- जांच टीम ने डीएम को सौंपी जांच रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। इलाज के अभाव में हुई गर्भवती महिला मालती की मौत के मामले में डीएम के द्वारा गठित की गई चार सदस्यीय जांच टीम ने बुधवार को जांच पूरी कर रिपोर्ट डीएम को सौंप दी। जांच टीम ने मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य सहित पंद्रह से अधिक लोगों से गहनता से पूछताछ कर सवाल किए।
एक मार्च को शहर के मोहल्ला आजादपुरा निवासी गर्भवती महिला मालती सोनी की इलाज के अभाव में मौत हो गई थी। मृतका के परिजनों ने मेडिकल कॉलेज (महिला अस्पताल) के चिकित्सकों व स्टाफ पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए आक्रोशित परिजनों व अन्य लोगों ने हंगामा काटा था। गर्भवती महिला की मौत को लेकर जनपद की प्रमुख विपक्षी पार्टी सपा व कांग्रेस पार्टी सहित विभिन्न संगठनों ज्ञापन दिया था और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की थी। इलाज के अभाव में गर्भवती महिला की गर्भ में पल रहे बच्चे सहित मौत होने और मेडिकल कॉलेज प्रशासन पर लग रहे आरोपों को लेकर जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने चार सदस्यीय जांच टीम गठित की थी। इसमें मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ इम्तियाज अहमद, एसडीएम सदर चंद्रभूषण प्रताप सिंह, क्षेत्राधिकारी सदर अभय नारायण राय, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दैलवारा अधीक्षक डॉ सुनीता दिवाकर को नामित किया था। गठित की गई जांच टीम ने घटना को लेकर गहनता से जांच पड़ताल शुरू की। मेडिकल कॉलेज के चिकित्सक, स्टाफ नर्स सहित अन्य कर्मचारियों से घंटों पूछताछ की गई। मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य से करीब पांच घंटे तक टीम ने गहनता से पूछताछ करते हुए बयान दर्ज किए। तीन दिन तक चली जांच में टीम ने पंद्रह से अधिक लोगों से पूछताछ करते हुए बयान लिए। बुधवार को जांच टीम ने अपनी जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी के समक्ष प्रेषित कर दी। सूत्रों के अनुसार जांच टीम के द्वारा की गई जांच में मेडिकल कॉलेज में व्याप्त अव्यवस्थाओं सहित अन्य बिंदुओं का उल्लेख किया गया है। अनुमान लगाया जा रहा है कि जांच रिपोर्ट प्रेषित होने के बाद डीएम जल्द ही कार्रवाई करेंगे।