कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में जिलाधिकारी जुुहेर बिन सगीर ने कहा कि परीक्षा महत्वपूर्ण होने के साथ संवेदनशील भी है। परीक्षा को बिना किसी व्यवधान के संपन्न कराने के उद्देश्य से पर्याप्त संख्या में जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेट, केंद्र पर्यवेक्षक एवं पुलिस बल तैनात किया जाएगा। उन्होंने समीक्षा के दौरान परीक्षा केंद्र पर स्टेशनरी की व्यवस्था, सीटिंग प्लान, परीक्षा सामग्री की प्राप्ति, वितरण की व्यवस्था और परीक्षा प्रारंभ होने के पूर्व परीक्षा हॉल में परीक्षार्थियों को दी जाने वाली महत्वपूर्ण सूचनाएं एवं उनके संबंध में की जाने वाली कार्रवाई, प्रयुक्त उत्तर पत्रकों एवं अन्य संलग्न प्रारूप की पैकिंग, उनके प्रेषण की प्रक्रिया, केंद्र व्यवस्थापक, उप केंद्र व्यवस्थापक, कक्ष परीक्षक की तैनाती के संबंध में केंद्र व्यवस्थापकों को दिशा निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी एम के त्रिवेदी ने कहा कि समस्त केंद्र व्यवस्थापक केंद्र पर तैनात होने वाले अंत परीक्षकों की सूचना जिला विद्यालय निरीक्षक को तत्काल उपलब्ध करा दें, यदि उनके पास पर्याप्त संख्या में स्टाफ उपलब्ध नहीं है तो उसकी मांग यथाशीघ्र कर लें। उप जिलाधिकारी सदर रमेशचंद्र एवं उप जिलाधिकारी पाली रत्नाकर मिश्र ने केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा संचालन के संबंध में जानकारी दी। इस मौके पर नेहरू महाविद्यालय, दीपचंद चौधरी महाविद्यालय, पहलवान गुरु दीन महिला महाविद्यालय, रघुवीर सिंह राजकीय महाविद्यालय के प्राचार्य, अंशु गर्ग, जिला सेवायोजन अधिकारी चंद्रचूड़ दुबे सहित सोलह परीक्षा केंद्रों के प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।