ललितपुर। कमरे के अंदर दुपट्टा के फंदे पर लटककर युवती ने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पिता ने अज्ञात कारण के चलते आत्महत्या करने की बात कही है।
शहर के मोहल्ला नदीपुरा निवासी महक कुशवाहा (18) पुत्री सोनू कुशवाहा मंगलवार को अपनी छोटी बहन कृष्णा व भाई अनुज के साथ घर पर थी। पिता साेनू कुशवाहा ने बताया कि सुबह वह अपने काम पर चले गए। महक की मां कविता भी काम पर निकल गई। शाम को कृष्णा भी ट्यूशन पढ़ने चली गई। भाई अनुज घर के बाहर खेल रहा था। शाम करीब 4:30 बजे जब कविता काम से लौटकर घर आई तो मुख्य दरवाजा बंद मिला। काफी आवाज देने के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला तो कविता ने पड़ोसी के मकान से अनुज को घर के अंदर भेजा और दरवाजा खुलावाया। कविता जब कमरे में पहुंची तो महक दुपट्टे के फंदे पर लटकी मिली। शोर सुनकर मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे। आनन-फानन महक को फंदे से नीचे उतारकर जिला अस्पताल लेकर आए। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पिता ने अज्ञात कारण के चलते आत्महत्या करने की बात कही है। सीओ सदर अभय नारायण राय ने बताया कि आत्महत्या के कारणों की जांच कराई जा रही है।