संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। घर से निकला युवक कुछ देर बाद शराब की दुकान के बाहर अचेतावस्था में पड़ा मिला। परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शहर के मोहल्ला घुसयाना निवासी राेहित (50) साफ-सफाई का काम करता था। रविवार सुबह करीब 6 बजे वह घर से निकल गया था। कुछ देर बाद मोहल्ले के लोगों ने बताया कि रोहित शराब की दुकान के बाहर अचेतावस्था में पड़ा है। परिजन रोहित को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन के अनुसार रोहित शराब पीने का आदी था। मृतक तीन भाई-दो बहन में बड़ा था और उसके चार पुत्रियां हैं। क्षेत्राधिकारी सदर अभय नारायण राय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारण का पता चलेगा। फिर भी मामले की जांच की जा रही है।