ललितपुर। चौराहे पर निर्मित ट्रैफिक चबूतरे से तेज रफ्तार कार टकरा गई। चबूतरा टूट गया और कार क्षतिग्रस्त हो गई। कार के एयर बैग खुल जाने से उसमें सवार दोनों युवक बच गए। कार पर आरएलडी झंडा लगा हुआ था और जिलाध्यक्ष युवा राष्ट्रीय लोकदल की प्लेट लगी थी।
रविवार देर रात स्टेशन रोड की ओर से तेज रफ्तार कार शहर की ओर आ रही थी। तुवन चौराहे के पास कार ट्रैफिक चबूतरे से टकरा गई। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दो युवकों को बाहर निकाला, जोकि कार के एयर बैग खुलने से गंभीर घायल होने से बच गए थे। पुलिस और एंबुलेंस भी मौके पर पहुंची। चोटिल युवकों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार सवार दोनों युवक नशे में थे और रफ्तार भी काफी अधिक थी, जोकि दुर्घटना का कारण बनी। बताया जा रहा है कि कार में युवा राष्ट्रीय लोकदल जिलाध्यक्ष परशु कुशवाहा अपने एक साथी के साथ सवार थे। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटवाकर कोतवाली में रखवाया।
पहले कार ने दो गोवंशों को मारी थी टक्कर
जिलाध्यक्ष युवा राष्ट्रीय लोक दल लिखी इस कार ने रविवार रात में ही ललितपुर-जाखलौन मार्ग पर ग्राम खिरिया मिश्र के पास दो गोवंश को टक्कर मारी थी। गांव के लोगों ने कार को रोक लिया था। कार सवार लोगों ने घायल गोवंश का इलाज कराने की बात कही थी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें इस कार के पीछे डिग्गी में लाल रंग का गोवंश मरणासन्न अवस्था में पड़ा हुआ है। जबकि, सफेद रंग का एक गोवंश सड़क किनारे घायल अवस्था में है। गोपुत्र प्रशांत शुक्ला ने बताया कि रविवार रात को उक्त कार चालक एक सफेद रंग के घायल गोवंश को लेकर वर्णी चौराहा स्थित पशु अस्पताल लेकर आए थे। यहां उन्होंने बताया था कि सड़क पर उक्त गोवंश घायल पड़ा था, जिसे वह लेकर यहां आए हैं।
तेज रफ्तार कार तुवन चौराहा स्थित चबूतरे से टकरा गई थी, इसमें सवार युवक बाल-बाल बच गए। गोवंश को टक्कर मारने की जानकारी हुई है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अनुराग अवस्थी, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक