- महरौनी क्षेत्र के मड़ावरा रोड का मामला, मायके पक्ष के लोग भी पहुंचे
संवाद न्यूज एजेंसी
महरौनी/ललितपुर। महरौनी भाजपा मंडल उपाध्यक्ष की पुत्र वधू का शव बुधवार को घर में ही उसके कमरे में फंदे से लटका मिला। जानकारी मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और मायके पक्ष के लोगों के पहुंचने पर पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाली महरौनी अंतर्गत मड़ावरा रोड निवासी सोनल कौशिक (29) पत्नी शिवम कौशिक घर में पति व बच्चे के साथ रहती थी। बुधवार को सुबह लगभग दस से ग्यारह बजे के मध्य जब घर में कोई नहीं था, उसने किसी बात से झुब्ध होकर कमरे में साड़ी के फंदे से लटककर जान दे दी। जब पति शिवम घर पहुंचा और पत्नी कहीं दिखाई नहीं दी तो उसने कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक उसकी कोई आवाज नहीं आने पर उसने धक्का देकर किसी प्रकार दरवाजा खोला तो उसका शव छत के कुंदे पर साड़ी के फंदे पर लटक रहा था। इस पर उसने इसकी जानकारी अपने पिता एवं अन्य परिजनों और मायके पक्ष के लोगों को दी। इसके बाद पिता ने इसकी जानकारी पुलिस को दी, जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची, तो वहां काफी संख्या में लोग एकत्रित थे। पुलिस के सामने शव को फंदे से नीचे उतारा गया और मायके पक्ष के लोगों के आने के बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका का एक बेटा है। वहीं मृतका के ससुर भाजपा मंडल उपाध्यक्ष हैं। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजा दिनेश सिंह ने बताया कि भाजपा मंडल उपाध्यक्ष अरविंद कौशिक ने घटना की जानकारी दी, जिस पर पुलिस मौके पर पहुंच गई थी और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उसने किन कारणों से यह कदम उठाया, इसकी जानकारी नहीं हो सकी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत कैसे हुई इसका पता लग सकेगा।