संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। घर से निकले रूपेश (22) निवासी ग्राम दरौनी थाना बानपुर का शव दूसरे दिन सोमवार को गांव के बाहर स्थित एक नाले के समीप पेड पर रस्सी के फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की। परिजनों ने मानसिक बीमारी के चलते आत्महत्या करना बताया है।
मृतक के चाचा देवेंद्र परिहार ने बताया कि रविवार की शाम को उसका भतीजा रूपेश घर से बिना बताए कहीं चला गया था। देर रात तक घर नहीं लौटा तो उसकी तलाश शुरू की गई। गांव में आयोजित शादी समारोह में भी पता किया, लेकिन वह वहां भी नहीं था। सोमवार को गांव का एक व्यक्ति गांव के बाहर स्थित नाले के पास से गुजर रहा था। तभी उसे यहां लगे पेड़ पर रस्सी के फंदे से रूपेश का शव फंदे पर लटका मिला। इसी सूचना उसने गांव वालों को और परिजनों को दी। जिस पर मौके पर परिजन पहुंच गए थे। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की। मृतक के चाचा देवेंद्र ने बताया कि रूपेश कुछ समय से मानसिक रूप से बीमार चल रहा था। उसका इलाज ग्वालियर में चल रहा था। मानसिक बीमारी के चलते रूपेश ने फंदे पर लटककर आत्महत्या कर ली।