ललितपुर। संदिग्ध परिस्थिति में ग्राम बुढ़वार में एक खेत पर बने तालाब में युवक का सड़ा-गला शव मिला। कोतवाली पुलिस व एसओजी मौके पर पहुंची और जांच की। पुलिस शव की शिनाख्त के प्रयास में जुटी है।
कोतवाली सदर अंतर्गत ग्राम बुढ़वार निवासी कुछ ग्रामीण सोमवार को अपने खेतों की ओर जा रहे थे। रास्ते में एक खेत पर बने तालाब में उन्हें अज्ञात युवक पड़ा मिला। शव काफी पुराना होने के कारण गला चुका था और उससे बदबू आ रही थी। कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला। मृतक की उम्र 30-35 वर्ष है। वह नीली प्रिंट वाली टीशर्ट व काले रंग का लोअर पहने हुए है और उसकी जीभ बाहर निकली थी। पुलिस ने शिनाख्त का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके लिए पुलिस ने मोबाइल नंबर भी सोशल मीडिया पर जारी किया है। सीओ सदर अजय कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण का पता चलेगा।