- मामी ने लगाए आरोप, कहा- विपक्षियों ने प्रेम-प्रसंग की जानकारी होने पर की मारपीट, फंदे पर लटकाकर मार डाला
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर/बालाबेहट। थाना बालाबेहट अंतर्गत कस्बा बालाबेहट के एक मोहल्ला निवासी काेमल (20) पुत्र रामदीन का शव मंगलवार की शाम को कमरे में साड़ी के फंदे पर लटकता मिला। मृतक की मामी ने एक लड़की से प्रेम-प्रसंग चलने और लड़की के परिजनों को जानकारी होने पर भांजे के साथ मारपीट कर फंदे पर लटकाकर मौत के घाट उतार देने का आरोप लगाया है।
मृतक की मामी के मुताबिक उसके भांजे का गांव की एक लड़की से काफी दिनों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। मंगलवार को लड़की के परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो वह हाथों में लाठी-डंडा, कुल्हाड़ी लेकर भांजे के घर पहुंचे। यहां विपक्षियों ने उसके भांजे संग काफी मारपीट की। शोर सुनकर वह भी मौके पर पहुंची तो विपक्षियों ने उसे धमकाते हुए भगा दिया था। विपक्षियों ने मकान की दीवार तक गिरा दी थी। इस पर वह घर आ गई थी। शाम करीब सात बजे जब उसका पति काम से लौटकर आया तो वह लाइट जोड़ने के लिए भांजे के घर गया। यहां कमरे के दरवाजे की दरांच में झांककर देखा तो अंदर भांजा साड़ी के फंदे पर लटक रहा था। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दरवाजा खोला तो अंदर उसका भांजा मृत अवस्था में लटक रहा था। मामी ने आरोप लगाया कि विपक्षियों ने मारपीट कर कमरे में ले जाकर उसके भांजे को फंदे पर लटका कर मौत के घाट उतार दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू की। बताया जा रहा है कि मृतक की मां गांव की महिलाओं के साथ मंगलवार को ही मथुरा गई थी। जबकि पिता गुजरात में मजदूरी करता है। भाई-भाभी काम करने के लिए गए थे। मृतक दो भाई-दो बहनों में छोटा था। पोस्टमार्टम के अनुसार युवक की मौत फंदे पर लटकने से होना पाया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
-
शव एंबुलेंस में रखकर परिजनों ने खड़ी की थाने के बाहर, पुलिस ने समझाया
बुधवार की देर शाम परिजन शव को लेकर गांव पहुंचे। यहां शव रखी एंबुलेंस को थाना के बाहर खड़ा किया और मुकदमा दर्ज करने की मांग करने लगे। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने मृतक के परिजनों को समझाया और कार्रवाई का आश्वासन दिया। जिसके बाद परिजन शांत हुए पुलिस की निगरानी में शव का अंतिम संस्कार किया गया।
-
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था। प्रारंभिक जांच में प्रेम-प्रसंग जैसा कोई कारण नहीं पाया गया। हालांकि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जो भी तथ्य निकलकर सामने आएंगे उसके अनुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
सुनील भारद्वाज, क्षेत्राधिकारी पाली