ललितपुर। थाना पाली के ग्राम निवाई निवासी शीतल (35) का शव बुधवार सुबह घर में अटारी के अंदर फंदे से लटका मिला। चचेरे भाई ने शराब के नशे में जान देने की बात कही।
मृतक के चचेरे भाई जगभान के मुताबिक शीतल शराब पीता था। मंगलवार रात को वह शराब के नशे में घर आया। खाना खाकर अटारी में सोने चला गया। बुधवार सुबह जब देर तक वह सोकर नहीं उठा तो पिता किशोरे अटारी के पास पहुंचा। उसने शीतल को काफी आवाज दी, लेकिन उत्तर नहीं मिला। किशोरे ने अन्य परिजन के साथ मिलकर दरवाजे की कुंडी को तोड़ दिया और अंदर पहुंचे। शीतल फंदे से मृतावस्था में लटक रहा था। मृतक दो भाई-एक बहन में छोटा था और उसके एक पुत्र है। थाना पाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि आत्महत्या के कारणों की जांच कर कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।