- घर से दो किलोमीटर दूर मुगयाना तिराहा के पास स्थित है खेत, परिजनों ने आत्महत्या का कारण बताया अज्ञात
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर-सिंदवाहा। घर से खेत पर फसल देखने गए ग्रामीण का शव शुक्रवार की सुबह गांव से बाहर आम के पेड़ पर रस्सी के फंदे पर लटका हुआ मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की। परिजनों ने अज्ञात कारण के चलते आत्महत्या करना बताया है।
कोतवाली महरौनी के ग्राम सिंदवाहा निवासी हरप्रसाद उर्फ लखन (45) पुत्र घनश्याम अहिरवार बृहस्पतिवार को घर से खेत पर फसल देखने के लिए निकला था। इसके बाद वह रात को वापस लौटकर नहीं आया। परिजनों ने उसकी गांव में खोजबीन की। लेकिन कोई पता नहीं चला। शुक्रवार की सुबह गांव के लोग जब गांव से करीब दो किलोमीटर दूर मुगयाना तिराहा के पास से गुजरे तो यहां आम के पेड़ पर एक व्यक्ति रस्सी के फंदे पर लटकता हुआ दिखाई दिया। पास जाकर देखा तो उक्त शव गांव के हरप्रसाद उर्फ लखन का था। सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की। मृतक के दो पुत्र हैं। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजा दिनेश सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना की जांच कर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।