- मृतका के पास मिले दो मोबाइल फोन, पुलिस जांच में जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। कमरे के अंदर टिनशेड के पाइप से साड़ी के फंदे पर मंगलवार की दोपहर थाना जखौरा के एक ग्राम निवासी 16 वर्षीय किशोरी लटकती मिली। मृतका के पास एक मल्टीमीडिया व एक छोटा मोबाइल फोन मिला। पुलिस ने दोनों मोबाइल फोन अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की। परिजनों ने मौत का कारण अज्ञात बताया है।
मृतका के चचेरे भाई के मुताबिक किशोरी के पिता गुजरात में काम करते हैं। किशोरी अपनी मां व छोटी बहन के साथ घर पर रहती है। कक्षा 8वीं के बाद उसने पढ़ाई छोड़ दी थी। मंगलवार की दोपहर वह जब घर पर दिखाई नहीं दी तो परिजनों ने खोजा। घर के अंदर कमरे के पास गए तो इसका दरवाजा अंदर से बंद पाया। काफी आवाज देने के बाद जब अंदर से न कोई आवाज न आई और न दरवाजा खुला। जिसके बाद खिड़की से झांककर देखा तो अंदर किशोरी लटकती दिखी। इसकी सूचना परिजनों ने पुलिस को दी तो वह मौके पर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में गांव के लोगों ने खिड़की को तोड़ा और अंदर पहुंचकर दरवाजा खोला। सीओ सदर सुनील कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मौत के कारणों सहित घटना को लेकर गहनता से जांच पड़ताल की जा रही है। जो भी तथ्य निकलकर सामने आएंगे उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।