ललितपुर। घर से चाय पीकर खेतों की ओर गए ग्रामीण का शव टपरे के अंदर फंदे से लटका मिला। भाई ने बेटी की शादी करने में लिए गए कर्ज और इस साल खरीफ की फसल भारी बारिश से खराब हो जाने के कारण परेशान होकर आत्महत्या करने की बात कही।
थाना नाराहट अंतर्गत ग्राम कलोथरा निवासी संतोष सिंह के मुताबिक मंगलवार सुबह उनका भाई जाहर सिंह (42) सोकर उठा और चाय पीकर खेतों की ओर चला गया। सुबह करीब आठ बजे जब जाहर की पत्नी बबीता मवेशियों को चारा डालने के लिए घर के पीछे बाड़े में बने टपरे में गईं तो यहां जाहर का शव लटकता देखा। चीख पुकार सुनकर परिजन व गांव के लोग मौके पर पहुंचे। भाई संतोष सिंह ने बताया कि जाहर सिंह के नाम करीब साढ़े पांच एकड़ जमीन है। खेती किसानी कर वह परिवार का पालन पोषण करता था।
पिछले साल जाहर ने अपनी बेटी वैशाली की शादी की थी। उसने कुछ कर्ज लिया था, जिसे चुकाने को लेकर वह काफी दिनों से परेशान चल रहा था। इस साल भारी बारिश से खरीफ की फसल खराब हो गई, इससे भी वह परेशान था। मृतक तीन भाई-तीन बहन में छोटा था और उसके एक पुत्र व एक पुत्री है। सीओ पाली सुनील भारद्वाज ने बताया कि आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है।