संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। मेडिकल कॉलेज स्थित ब्लड बैंक में रक्त का टोटा हो गया है। रक्तकोष में ओ पॉजिटिव, एबी पॉजिटिव और ओ निगेटिव ग्रुप का रक्त नहीं है। वहीं ए निगेटिव, बी निगेटिव व एबी निगेटिव तीन ग्रुप का महज एक-एक यूनिट और दो ग्रुप का दो-दो यूनिट रक्त स्टॉक में है। ऐसे में रक्तकोष में स्टॉक के सापेक्ष दो फीसदी यूनिट रक्त की बचा है। ऐसे में मरीजों को रक्त के लिए परेशान होना पड़ रहा है। विभागीय अधिकारियों का कहना है शिविर लगाने के लिए समाजसेवी संस्थाओं से संपर्क किया जा रहा है। जल्द ही कमी पूरी हो जाएगी।
मेडिकल कॉलेज के रक्त कोष में 300 यूनिट स्टॉक करने की क्षमता है। यहां प्रतिदिन लगभग 10 से 15 यूनिट रक्त की खपत होती है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार प्रत्येक माह 25 से 30 थैलीसीमिया के मरीज आते हैं, जिन्हें निशुल्क रक्त दिया जाता है। साथ ही प्रतिमाह 30 से 35 यूनिट रक्त प्रसूताओं के लिए दिया जाता है। वर्तमान में प्रसूताओं को अधिक रक्त लग गया है। साथ ही रक्तदान शिविर न होने से कमी हो गई है। वर्तमान में महज सात यूनिट रक्त ही शेष रह गया है।