पोस्टमार्टम में फंदे पर लटकने से मौत की पुष्टि, पुलिस आत्महत्या के कारण जानने को खंगाल रही मोबाइल
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। किराये के कमरे में रह रही ब्यूटी पार्लर संचालिका अंजना (27) का शव फंदे पर लटका मिलने के बाद मौत के सही कारण को जानने के लिए चिकित्सकीय पैनल में पोस्टमार्टम कराया गया। इसके साथ वीडियोग्राफी भी कराई गई। पोस्टमार्टम में फंदे पर लटकने से मौत होने की पुष्टि के बाद पुलिस आत्महत्या करने के कारणों की गुत्थी सुलझाने में जुट गई है। पुलिस मृतका के मोबाइल फोन को खंगाल रही है।
कोतवाली सदर के ग्राम झरकौन हरपुरा निवासी अंजना शहर के मोहल्ला मवेशी बाजार कैलगुवां रोड के पास एक किराये के कमरे में करीब एक साल से निवास कर रही थी। पास में एक दुकान में वह ब्यूटी पार्लर संचालित करती थी। बुधवार की दोपहर को उसका शव कमरे में दुपट्टे के फंदे पर लटकता हुआ मिला था। परिजनों ने आत्महत्या का राज मोबाइल फोन में होने की आशंका जताई थी। पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन कब्जे में ले लिया था। वहीं मौत का सही कारण जानने के लिए अंजना के शव का पोस्टमार्टम चिकित्सकीय पैनल में हुआ और वीडियोग्राफी भी कराई गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण फंदे पर लटककर आत्महत्या करना आने के बाद पुलिस ने जान देने के कारणों की पड़ताल शुरू की। इसके लिए पुलिस ने मृतका के मोबाइल फोन को खंगालना शुरू कर दिया है। जिसमे पुलिस मोबाइल की कॉल डिटेल सहित अन्य चीजों को खंगालकर तकनीकी जांच कर रही है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी ने बताया कि युवती के आत्महत्या के कारणों की जांच पड़ताल कर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।