ललितपुर। नगर संसाधन केंद्र में उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ एवं पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित बैठक में ऋण लेनेे वाले शिक्षकों को नोटिस दिए जाने पर विचार विमर्श किया गया। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षकों पर नियम विरुद्घ कार्रवाई हुई तो वह विभाग के खिलाफ आंदोलन करने के लिए बाध्य हो जाएंगे।
जिले में करीब 225 परिषदीय शिक्षकों ने बेसिक शिक्षा परिषद कर्मचारी वेतन भोगी ऋण समिति से ऋण ले रखा है, जो किस्तों के माध्यम से ऋण जमा कर रहे हैं। इनमें से कइयों ने नियमित किस्तें जमा नहीं की हैं। इस पर जिला सहकारी बैंक के मैनेजर ने करीब 78 शिक्षकों को नोटिस जारी कर दिया है, जिससे शिक्षकों में रोष फैल गया है। रविवार को नगर संसाधन केंद्र में प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ की संयुक्त बैठक में नोटिस पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि बैंक ने कई ऐसे शिक्षकों को नोटिस जारी कर दिए हैं, जिनकी नियमित किस्तें जमा हो रही हैं। उन्होंने नोटिस पर आक्रोश जाहिर किया। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि शिक्षकों के साथ अन्याय हुआ तो आंदोलन के लिए बाध्य हो जाएंगे।
बैठक में प्राथमिक शिक्षक संघ जिलाध्यक्ष राजेश लिटौरिया, पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ जिलाध्यक्ष नीरज चतुर्वेदी, बेसिक शिक्षा परिषद वेतन भोगी ऋण समिति अध्यक्ष संतोष कुमार रजक, रामकिशोर दीक्षित, अरुण गोस्वामी, संजय सैनी, सुरेंद्र पटैरिया, रमेश सेन, थोवनलाल, रामकृष्ण लोधी, गीता कफारिया, मु.तारिक, बनवारी सिंह सेंगर, धीरेंद्र सिंह, कमलकांत, उदयभान, विनोद साहू, अखिलेश गोस्वामी, रामजीवन लिटौरिया, सत्यनारायण रावत, विष्णु श्रीवास आदि उपस्थित रहे।