संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। तुवन चौराहा पर नहर की पुलिया के पास बेशकीमती नजूल की जमीन पर बना अशोक स्तंभ तोड़ने की सूचना पर प्रशासनिक व राजस्व अधिकारियों की टीम के साथ मौके पर पहुंची और अशोक स्तंभ तोड़ने का काम रुकवाते हुए जांच शुरू कर दी है।
शहर के मुख्य तुवन चौराहा पर नहर की पुलिया के पास स्टेशन रोड किनारे कई दशकों पूर्व स्तंभ का निर्माण किया गया था। इस स्तंभ पर भारत का नक्शा बना हुआ था। इस नक्शे में हंसिया व हथौरा का चिह्न और भारत के नक्शे के ऊपर अशोक स्तंभ बना हुआ था। इसके साथ ही इस स्तंभ पर विद्युत तड़ित चालक यंत्र भी स्थापित किया गया था, जो आसपास के पूरे क्षेत्र को कवर करता था। मंगलवार को सुबह इस स्तंभ के चारों ओर हरी मैट बांधकर ढक दिया और इस स्तंभ को तोड़ने का काम शुरू कर दिया गया। जानकारी पर जिलाधिकारी सत्यप्रकाश ने एसडीएम सदर मनीष कुमार को स्तंभ तोड़ने का काम रुकवाने और जांच के निर्देश दिए।
एसडीएम के निर्देश पर नायब तहसीलदार, लेखपाल व अन्य राजस्व अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्तंभ तोड़ने का काम रुकवाया। हालांकि तब तक स्तंभ के ऊपर लगी अशोक की लाट व भारत का नक्शा और बिजली रोधी यंत्र सहित ऊंचाई से करीब तीन से चार फुट तक स्तंभ को तोड़ दिया गया। अधिकारियों के कहने के बाद भी काफी देर तक मजदूर स्तंभ तोड़ने का काम करते रहे। जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। वहीं प्रशासन ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है कि आखिर यह स्तंभ किस वजह से तोड़ा जा रहा है और यह जमीन किसकी है।
प्रशासन के मौके पर पहुंचने पर भाजपा नेता प्रदीप चौबे भी वहां आ गए और स्तंभ तोड़ने को सही बताया। उन्होंने बताया कि यह स्तंभ ललितपुर की कोई धरोहर नहीं है। यह स्तंभ डॉ.ताराचंद कम्युनिस्ट से जुड़े थे, उन्होंने रूस यात्रा की याद में इस स्तंभ को बनवाया था, जिस पर भारत का नक्शा और उसमें हसिया और हथौड़ा बना हुआ था, जो गलत था। यह भी बताया कि डॉ. ताराचंद के बेटे ने यह जमीन फ्री-होल्ड कराई थी और एक भाई ने अपना हिस्सा बेच दिया था। वहीं प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है।
आरोप लगे है कि यह स्तंभ नजूल की जमीन पर बना था, इसके संबंध में कागज मांगे गए हैं, जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।-मनीष कुमार, एसडीएम सदर।
-
एक पक्ष कह रहा है कि उसकी निजी जमीन है, जबकि दूसरा पक्ष नजूल की जमीन बता रहा है। इसकी जांच एसडीएम को सौंपी है। अभिलेखों की जांच के बाद निर्णय लिया जाएगा।
-सत्यप्रकाश, जिलाधिकारी।