संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। अपराधों की विवेचनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से निस्तारित कराने के लिए पुलिस विभाग ने जिले में मॉनिटरिंग डैशबोर्ड शुरू किया है। मंगलवार को अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) कानपुर जोन, कानपुर अनुपम कुलश्रेष्ठ ने वर्चुअल माध्यम से ललितपुर मॉनिटरिंग डैशबोर्ड का शुभारंभ किया। नई व्यवस्था लागू होने से लंबित विवेचनाओं की प्रभावी निगरानी हो सकेगी और उनके निस्तारण में तेजी आएगी।
पुलिस थानों और कोतवाली में दर्ज मुकदमों की विवेचनाओं के निस्तारण में अक्सर देरी की शिकायतें सामने आती रही हैं। हालांकि पुलिस अधिकारी समय-समय पर लंबित विवेचनाओं की समीक्षा कर उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश देते रहे हैं। अब मॉनिटरिंग डैशबोर्ड के माध्यम से प्रत्येक विवेचना की प्रगति ऑनलाइन दर्ज होगी और उसकी नियमित निगरानी की जाएगी।
इस व्यवस्था से लंबे समय से लंबित मामलों पर अंकुश लगेगा तथा विवेचकों की जवाबदेही भी सुनिश्चित होगी। साथ ही अधिकारियों को एक ही प्लेटफॉर्म पर यह जानकारी उपलब्ध रहेगी कि किस थाना या कोतवाली में कितनी विवेचनाएं लंबित हैं और वे कितने समय से लंबित चल रही हैं। इसके आधार पर समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। वर्चुअल उद्घाटन कार्यक्रम में आईजी झांसी परिक्षेत्र आकाश कुलहरि तथा पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक भी मौजूद रहे।
-
तीन जोन में दर्ज होगा विवेचनाओं का ब्योरा
मॉनिटरिंग डैशबोर्ड में सभी लंबित विवेचनाओं को कलर कोडिंग के आधार पर ग्रीन, येलो और रेड जोन में वर्गीकृत किया गया है। इससे उनकी वर्तमान स्थिति का तत्काल आकलन किया जा सकेगा। 60 दिन और 90 दिन से अधिक समय से लंबित विवेचनाओं का अलग-अलग चार्ट के माध्यम से प्रदर्शन होगा। चार्ट में प्रत्येक जोन की विवेचनाओं का संख्यात्मक विवरण भी उपलब्ध रहेगा, जिससे अधिकारियों को निगरानी और समीक्षा में आसानी होगी।
-
नई व्यवस्था के तहत प्रत्येक विवेचना की प्रगति ऑनलाइन दर्ज होगी। इसकी निगरानी थानाध्यक्ष, क्षेत्राधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक से लेकर एसपी स्तर तक की जाएगी। इससे लंबित विवेचनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के साथ विवेचकों की जवाबदेही भी तय होगी।
मोहम्मद मुश्ताक, एसपी