- 20 मई को जिला कारागार ले जाते समय रास्ते से भाग गया था रंगदारी का गिरफ्तार आरोपी
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। हथकड़ी सहित पुलिस हिरासत से फरार हुए रंगदारी के आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस टीमों ने समीपवर्ती मध्यप्रदेश में तलाश की। यहां की थाना पुलिस से संपर्क कर फरार आरोपी की जानकारी जुटाई है। लेकिन तीन दिन बाद भी आरोपी का सुराग नहीं मिल सका।
कस्बा महरौनी के कंचनपुरा निवासी विसदेव को रंगदारी मांगने के दर्ज मुकदमें में 20 मई को महरौनी पुलिस ने गिरफ्तार किया था। न्यायालय से जिला कारागार में दाखिल करने को ले जाते समय गल्ला मंडी चौकी क्षेत्र के पास से हथकड़ी सहित भाग गया था। हिरासत से आरोपी के हथकड़ी के साथ भाग जाने से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया था। आनन फानन पुलिस ने गल्ला मंडी सहित अन्य क्षेत्रों में घेराबंदी करते हुए खोजबीन करने में जुट गए थी। लेकिन सफलता नहीं मिली थी। एसपी मोहम्मद मुश्ताक ने फरार आरोपी को पकड़ने के लिए एसओजी, सर्विलांस सहित पुलिस की अन्य टीमें को निर्देशित किया था। जिले में संभावित स्थानों पर आरोपी विसदेव की तलाश करने और कोई सफलता न मिलने पर पुलिस की टीमें समीपवर्ती मध्य प्रदेश के क्षेत्रों में गई। यहां पर संभावित क्षेत्रों में विसदेव की खोजबीन की। लोगों को फरार आरोपी की फोटो दिखाकर उसके बारे में जानकारी जुटाई। इसके साथ एमपी के थानों में जाकर आरोपी की फोटो देखकर विसदेव के बारे में सुराग जुटाने की बात कही है।